अहमदाबाद, 22 जून (वार्ता) अडानी समूह की सीमेंट एवं निर्माण सामग्री कंपनी अंबुजा सीमेंट्स ने अपने संयंत्रों में कार्बन उत्सर्जन कम करने के लिए लीलैक लिमिटेड के साथ साझेदारी की है। लीलैक एक ब्रिटेन स्थित स्वच्छ प्रौद्योगिकी कंपनी है, जो कार्बन कैप्चर और विद्युतीकरण समाधानों में विशेषज्ञता रखती है। यह विशेष रूप से सीमेंट और चूना (लाइम) निर्माण जैसे उच्च-उत्सर्जन वाले उद्योगों के लिए ऐसे समाधान विकसित करती है, जिसे पुराने संयंत्रों में भी आसानी से एकीकृत किया जा सकता है। अंबुजा सीमेंट ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह व्यापक स्तर पर कार्बन उत्सर्जन कम करने की कंपनी की रणनीति की तरफ एक महत्वपूर्ण कदम है और वर्ष 2050 तक शुद्ध रूप से शून्य उत्सर्जन के उसके लक्ष्य का समर्थन करता है।
कंपनी सीमेंट निर्माण प्रक्रिया के विद्युतीकरण को आगे बढ़ाते हुए नवीकरणीय ऊर्जा का उपयोग बढ़ा रही है। लगभग एक गीगावाट की कैप्टिव हरित ऊर्जा क्षमता के समर्थन से वह कार्बन कैप्चर जैसी उन्नत तकनीकों को बड़े पैमाने पर अपनाने की तैयारी कर रही है। अंबूजा सीमेंट का कहना है कि इस सहयोग से कार्बन कैप्चर की लागत-प्रभावशीलता में सुधार होने की उम्मीद है, जिससे इसके बड़े पैमाने पर उपयोग और व्यावसायिक व्यवहार्यता को मजबूती मिलेगी। कच्छ के सांघीपुरम स्थित अंबुजा सीमेंट्स के 66 लाख टन प्रति वर्ष क्षमता वाले सांघी संयंत्र में प्रस्तावित वाणिज्यिक प्रदर्शन परियोजना के तहत कम-उत्सर्जन वाले सीमेंट उत्पादन के लिए लीलैक की कार्बन कैप्चर और हाइब्रिड इलेक्ट्रिक हीटिंग तकनीक के एकीकरण का मूल्यांकन किया जायेगा। इसका उद्देश्य नवीकरणीय बिजली के अधिक उपयोग और अनिवार्य प्रक्रिया-जनित कार्बन डाइऑक्साइड के संग्रहण के माध्यम से उत्सर्जन को कम करना है।
इस तकनीक से कोयले की खपत को शून्य तक घटाया जा सकेगा और वैकल्पिक ईंधनों के इस्तेमाल में लचीलापन जारी रखा जा सकेगा। यदि यह प्रदर्शन परियोजना सफल रहती है, तो इसका सात से आठ गुना तक विस्तार किया जा सकता है, जिससे प्रतिवर्ष 10 लाख टन से अधिक कार्बन डाइऑक्साइड को कैप्चर किया जा सकेगा। यह परियोजना अपने प्रकार की दुनिया की सबसे बड़ी औद्योगिक स्तर की परियोजनाओं में से एक मानी जा रही है। अंबुजा सीमेंट्स के निदेशक करण अडानी ने कहा, “ सीमेंट उद्योग को कम कार्बन उत्सर्जन वाले भविष्य की ओर ले जाने के लिए साहसिक सोच, तकनीकी नवाचार और पूरी मूल्य श्रृंखला में सहयोग की आवश्यकता होगी।
लीलैक के साथ हमारी साझेदारी अगली पीढ़ी की उन तकनीकों का मूल्यांकन करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जो प्रक्रिया-जनित उत्सर्जन को कम करने के साथ-साथ ऊर्जा दक्षता में सुधार करे और दीर्घकालिक सतत विकास का समर्थन करे। ” लीलैक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेनियल रेनी ने कहा, “ अंबुजा सीमेंट्स दुनिया के सबसे बड़े और उन्नत सीमेंट निर्माण नेटवर्कों में से एक का संचालन करती है। कम लागत और कम-कार्बन सीमेंट उत्पादन के लिए वाणिज्यिक स्तर की परियोजना विकसित करने के लिए इस सहयोग की शुरुआत करते हुए हमें अत्यंत खुशी हो रही है। हम मिलकर वैश्विक सीमेंट उद्योग के लिए एक भविष्य के लिए सुरक्षित समाधान प्रस्तुत करने का लक्ष्य रखते हैं। ”

