एक नवंबर से सीमाशुल्क संबंधी 31 अधिसूचनाओं की जगह लेगी एक अधिसूचना

नयी दिल्ली, 25 अक्टूबर (वार्ता) केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) ने कारोबार की सुविधा बढ़ाने के उद्येश्य से एक नये सुधारवादी कदम के तहत सीमा शुल्क और विभिन्न उपकरों में छूट से संबंधित 31 अलग-अलग अधिसूचनाओं को एक जगह मिला कर एक समेकित अधिसूचना के रूप में अधिसूचित किया है।

इनमें पोलियोमाइलाइटिस वैक्सीन तथा मोनोकंपोनेट इंसुलीन के निर्माण में उपयोग की जाने वाली थोक दवाओं पर मूल सीमा शुल्क शून्य करने के प्रावधान वाली अधिसूचनाएं और एयर इंडिया इंजीनियरिंग सर्विसेज लिमिटेड (मेसर्सएआईईएसएल) द्वारा एयर इंडिया के उन विमानों के लिए आपूर्ति को शुल्क में छूट प्रदान करने वाले संशोधनों से संबंधित अधिसूचनाएं भी हैं जिनका रख रखाव तथा परिचालन भारतीय वायुसेना द्वारा किया जाता है। वर्तमान में वायु सीमा तीन विशिष्ट बी-737 और दो विशिष्ट बी-777 विमानों का रख रखाव एवं परिचालन करती है।

सीबीआईसी की आरे से शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि पूर्व में जारी ये अधिसूचनाएं 24 अक्टूबर 2025 को जारी अधिसूचना संख्या 45/2025 में विलीन कर दी गयी हैं। नयी अधिसूचना पहली नवंबर 2025 से प्रभावी होगी।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि अधिसूचना एकीकरण का यह निर्णय सरलीकरण, पारदर्शिता और व्यापार सुगमता की दिशा में एक कदम है।

इसके साथ सामान्य प्रश्नोत्तर के रूप में जारी स्पष्टीकरण में कहा गया है कि अधिसूचनाओं के इस एकीकरण से विभिन्न वर्षों में अधिसूचित छूटों की वैधता में कोई परिवर्तन या इससे संबंधित पहले की अधिसूचनाओं के तहत दी गयी किसी भी छूट या रियायत में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

एफएक्यू में कहा गया है, “यह कारोबार के अनुकूल उठाया गया एक कदम है। 24 अक्टूबर, 2025 की अधिसूचना संख्या 45/2025-सीमा शुल्क, पूर्ववर्ती अधिसूचना संख्या 50/2017-सीमा शुल्क, दिनांक 30.6.2017 और 30 अन्य पूर्ववर्ती अलग-अलग सीमा शुल्क अधिसूचनाओं को मिलाकर जारी की गई है। इसलिए, 31 अलग-अलग अधिसूचनाओं का उल्लेख करने के बजाय, इन 31 अधिसूचनाओं में निहित छूट/रियायती दरें अब इस एकल अधिसूचना में उपलब्ध हैं।”

 

Next Post

चावल, चीनी मजबूत; दालों-खाद्य तेलों में घट-बढ़

Sat Oct 25 , 2025
नयी दिल्ली, 25 अक्टूबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शनिवार को चावल के औसत भाव बढ़ गये। चीनी की कीमतों में भी तेजी रही जबकि गेहूं के दाम गत दिवस के स्तर पर ही रहे। वहीं, दालों और खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा। घरेलू थोक जिंस बाजारों […]

You May Like