इंदौर: आज नगर निगम द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण में इंदौर स्वच्छता गीत लोकार्पण किया गया। इस मौके पर वार्ड रैंकिंग की शुरुआत भी की गई. केंद्रीय मंत्री ने इंदौर को फिर से स्वच्छता का सिरमौर बनाने की बात की और पूर्व के अभियान में नंबर वन का खिताब जीतने के बधाई दी. कार्यक्रम में स्वच्छता चैंपियन और सफाई मित्रों का सम्मान किया गया.आज रविन्द्र नाट्य गृह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और विधायक रमेश मेंदोला ने इस साल के स्वच्छता अभियान में सिरमौर बनने का गीत लॉन्च किया. केन्द्रीय मंत्री मांडविया ने कहा कि इंदौर एक महानगर है, जो कि लगातार स्वच्छता में नंबर वन है.
इंदौर देश के अन्य शहरों को स्वच्छता में जागरूक करने के साथ ही स्वच्छता का भी संदेश देता है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचार को इंदौर ने सिद्ध कर दिखाया. इंदौर ने स्वच्छता को संस्कार के रूप में अपनाया है और स्वच्छता गीत में स्वच्छता का महागुरू का जिक्र है. इंदौर स्वच्छता का वाकई में महागुरू है और अन्य शहर इंदौर से स्वच्छता का पाठ पढते है. उम्मीद है कि इंदौर नवीं बार भी स्वच्छता में नंबर वन आएगा. इस अवसर पर विधायक रमेश मेन्दोला, आयुक्त क्षितिज सिंघल, हरिनारायण यादव, महापौर परिषद सदस्य राजेन्द्र राठौर, नंदकिशोर पहाडिया, प्रिया डांगी, अभिषेक शर्मा, महापौर प्रतिनिधि भारत पारख, शहर के पार्षद, अपर आयुक्त प्रखर सिंह, उपायुक्त शैलेष अवस्थी, स्वच्छ भारत मिशन के दल सहित बडी संख्या में सफाईकर्मी उपस्थित थे.
जनआंदोलन बनाकर काम किया
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर ने इस स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन बनाकर काम शुरू किया था. आज प्रथम संस्करण के स्वच्छ सर्वेक्षण में 77 से लेकर 9 वें संस्करण में 4773 नगरीय निकाय भाग ले रहे हैं. शहर के जागरूक नागरिकों के सहयोग से स्वच्छता टीम ने इंदौर को आठ बार नंबर वन स्वच्छ शहर बनाने का गौरव हासिल किया. साथ ही इंदौर शहर अपने साथ ही देपालपुर को भी स्वच्छता में नंबर वन बनाने के लिए सहयोग कर रहा है.
प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया
स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल ने बताया कि केंद्रीय मंत्री एवं महापौर ने स्वच्छता अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने पर सफाई मित्र और स्वच्छता अभियान के विभिन्न समूहों में स्वच्छता चैंपियन का प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया
