नयी दिल्ली, 28 जनवरी (वार्ता) देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में एकल आधार पर 3,794 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ जो सालाना आधार पर 3.68 प्रतिशत बढ़ा है।
कंपनी ने बुधवार को निदेशक मंडल की बैठक के बाद वित्तीय परिणामों की घोषणा की।
उसने बताया कि तिमाही के दौरान उसका कुल राजस्व 50,945.8 करोड़ रुपये रहा।
यह पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 39,819.5 करोड़ रुपये के मुकाबले 27.94 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी ने बताया कि कच्चे माल पर लगात में तेज बढ़ोतरी से राजस्व की तुलना में उसके कुल व्यय में ज्यादा इजाफा हुआ है।
इसलिए, शुद्ध लाभ में मामूली वृद्धि दर्ज की गयी।
मारुति सुजुकी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में पिछले साल सितंबर में किये गये सुधारों के कारण उसने तिमाही बिक्री का नया रिकॉर्ड बनाया।
उसके यात्री वाहनों की घरेलू बिक्री एक साल पहले की 4,66,993 इकाई से बढ़कर 5,64,669 इकाई पर पहुंच गयी।
कुल 97,676 इकाई की वृद्धि में 68,328 इकाई छोटी कारें हैं जिन पर जीएसटी घटाकर 18 प्रतिशत किया गया है।
साथ ही, तिमाही के दौरान कंपनी का निर्यात भी 1,03,100 इकाई पर रहा।
