
छतरपुर। जिले के हरपालपुर कस्बे में दिनदहाड़े हुई बड़ी आभूषण चोरी की घटना का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। इस मामले को लेकर सोनी समाज में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बुधवार 28 जनवरी को सोनी समाज के लोगों ने छतरपुर एसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।
सोनी समाज के प्रतिनिधि अवधेश कुमार सोनी ने बताया कि यह घटना 23 दिसंबर को हरपालपुर में हुई थी। रामबाबू सोनी की दुकान से चोर सोना-चांदी के आभूषणों से भरा एक बैग चोरी कर ले गए थे। चोरी गए सामान में करीब 200 ग्राम सोना और लगभग साढ़े चार से पांच किलो चांदी के आभूषण शामिल थे। हैरानी की बात यह है कि चोरी की यह वारदात दिनदहाड़े हुई, इसके बावजूद चोरों का आज तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
पीड़ित परिवार और समाज के लोगों का कहना है कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन एक महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी न तो चोरी का खुलासा हुआ और न ही आभूषण बरामद किए जा सके हैं। इससे व्यापारियों में भय का माहौल बना हुआ है।
एसपी कार्यालय में दिए गए आवेदन के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सोनी समाज को आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया जाएगा और जल्द ही चोरों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी। सोनी समाज ने उम्मीद जताई है कि पुलिस जल्द ही इस चोरी का खुलासा करेगी और दोषियों को सजा दिलाई जाएगी।
