डॉ अंबेडकर के साथ हमेशा अन्याय किया कांग्रेस ने – मोहन यादव

भोपाल, 23 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कांग्रेस के नेताओं पर बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर के साथ हमेशा अन्याय करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब इसी दल के नेता वोट के लालच में उनका नाम लेकर महू में जुटने जा रहे हैं।

डॉ यादव ने यहां भोपाल के सबसे बड़े लगभग तीन किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के लोकार्पण समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह और अनेक जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। डॉ यादव ने घोषणा की कि इस फ्लाईओवर को डॉ अंबेडकर के नाम पर जाना जाएगा।

डॉ यादव ने इंदौर के पास महू में 27 जनवरी को कांग्रेस की ओर से प्रस्तावित कार्यक्रम की ओर इशारा करते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके नेता वोट की खातिर ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ अंबेडकर ने धारा 370 का विरोध किया था, लेकिन तत्कालीन कांग्रेस नेताओं ने इसे लागू किया। इसी तरह डॉ अंबेडकर को सरकार में बेहतर और उनकी रुचि का मंत्रालय नहीं दिया गया। जब उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ा, तो कांग्रेस ने उन्हें हरवा दिया। इसी तरह ऐसे अनेक उदाहरण है, जहां पर कांग्रेस ने डॉ अंबेडकर का विरोध किया।

वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ यादव ने कहा कि लेकिन अब कांग्रेस वोट की खातिर डॉ अंबेडकर के नाम को याद करती है। इसलिए ये लोग महू में जुट रहे हैं। उन्होेंने महान क्रांतिकारी सुभाषचंद्र बोस का नाम लेकर उनके देशहित में कार्य गिनाए और कहा कि लेकिन कांग्रेस के तत्कालीन नेताओं ने श्री बोस की भी खिलाफत की और उन्हें हमेशा आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। श्री बोस ने अंग्रेजों के अधीन नौकरी भी नहीं की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा ही सच्चे अर्थों में डॉ अंबेडकर के बताए मार्ग पर चल रही है। उनके विचारों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने इस दिशा में केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में भी बताया। डॉ यादव ने इस दौरान भोपाल के विकास के संबंध में अनेक घोषणाएं करते हुए कहा कि शुक्रवार को राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक महेश्वर में आयोजित हो रही है और इस दौरान अनेक निर्णय लिए जाएंगे। मंत्रिपरिषद भोपाल के विकास के संबंध में भी योजनाओं को स्वीकृत करेगी।

Next Post

भोपाल के सबसे बड़े फ्लाईओवर का आज होगा उद्घाटन

Thu Jan 23 , 2025
भोपाल, 23 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज यहां भोपाल के सबसे बड़े नव निर्मित फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार 154 करोड़ रुपयों की लागत से 2900 मीटर लंबा फ्लाईओवर स्थानीय गायत्री मंदिर से गणेश मंदिर क्षेत्र के बीच बनाया गया है। भोपाल शहर […]

You May Like