
जबलपुर। 69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 28 दिसंबर 2025 तक जबलपुर में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में किया जा रहा है। प्रतियोगिता के दौरान महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने खिलाड़ियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और संस्कारधानी जबलपुर में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन को गौरवपूर्ण बताया।
खेल प्रतिस्पर्धाओं में मेजबान मध्य प्रदेश का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। 14 वर्ष बालक वर्ग बास्केटबॉल सेमीफाइनल में मध्य प्रदेश ने तमिलनाडु को हराया, वहीं दिल्ली ने राजस्थान को पराजित किया। फाइनल मुकाबला मध्य प्रदेश बनाम दिल्ली होगा। 19 वर्ष खो-खो बालक एवं बालिका वर्ग में मध्य प्रदेश ने दोनों वर्गों में दिल्ली को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। बालक एवं बालिका दोनों वर्गों के फाइनल में मध्य प्रदेश का सामना महाराष्ट्र से होगा। खेलों के पश्चात खिलाड़ियों को भेड़ाघाट धुआंधार जलप्रपात, डुमना नेचर पार्क, बरगी डैम और रानी दुर्गावती समाधि स्थल का भ्रमण कराया जा रहा है, जिससे खिलाड़ी उत्साहित और रोमांचित हैं। प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 28 दिसंबर 2025 को दोपहर 2:30 बजे डीपीएस पब्लिक स्कूल, मंडला रोड में होगा।
ये रहे उपस्थित
प्रतियोगिता के दौरान अरुण कुमार इंग्ले (संयुक्त संचालक), घनश्याम सोनी (जिला शिक्षा अधिकारी), डीके सिंह एवं सुमित भाटिया (एसजीएफआई ऑब्जर्वर), आशा सिसोदिया (संभागीय क्रीड़ा अधिकारी) तथा मधुमिता हाजरा (जिला क्रीड़ा अधिकारी) उपस्थित रहे।
