भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शुक्रवार को 5,017 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 98.73 किलोमीटर लंबी उज्जैन–जावरा ग्रीनफील्ड फोरलेन परियोजना का भूमि पूजन करेंगे। यह महत्वाकांक्षी परियोजना उज्जैन दक्षिण, घट्टिया, नागदा-खाचरौद, आलोट और जावरा विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी तथा लगभग 35 लाख आबादी और 62 गांवों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस फोरलेन मार्ग के निर्माण से उज्जैन का दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे से सीधा और तेज संपर्क स्थापित होगा। साथ ही सिंहस्थ-2028 के दौरान राजस्थान, गुजरात सहित देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आवागमन अधिक सुगम होगा।
परियोजना के तहत 3 रेल ओवरब्रिज, 9 बड़े पुल, 26 मध्यम पुल और 417 पुलियों का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सड़क परियोजना मालवा क्षेत्र के औद्योगिक, व्यापारिक और कृषि विकास को नई गति देने के साथ क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूत करेगी।
