
सीधी। सामूहिक दुष्कर्म प्रकरण में 20 हजार रुपये के फरार इनामी तीसरे आरोपी नीलेश रजक को पुलिस ने भोपाल से गिरफ्तार किया। “ऑपरेशन ट्रैप” के अंतर्गत भौतिक एवं तकनीकी दक्षता से यह निर्णायक कामयाबी मिली। सामूहिक दुष्कर्म के जघन्य प्रकरण में पूर्व में एक आरोपी एवं एक विधि विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 20 हजार रुपये का इनामी तीसरा आरोपी नीलेश रजक लंबे समय से फरार चल रहा था।
उक्त फरार आरोपी नीलेश रजक को सीधी पुलिस द्वारा भोपाल से सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक सीधी के सशक्त निर्देशन में निरंतर प्रयासशीलता, उन्नत तकनीकी विश्लेषण एवं बौद्धिक दक्षता का प्रत्यक्ष परिणाम है।
कार्यवाही का संक्षिप्त विवरण-
आरोपी नीलेश रजक की गिरफ्तारी हेतु पूर्व में कई संभावित स्थानों पर पुलिस द्वारा दबिश दी गई थी, किंतु आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को गुमराह करता रहा। हाल ही में प्राप्त तकनीकी एवं खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी के भोपाल में होने की पुष्टि हुई। सूचना का सत्यापन कर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम नें आरोपी को भोपाल के सघन बस्ती से गिरफ्तार कर लिया।
इनका था प्रमुख योगदान-
गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस कर्मियों में उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी थाना प्रभारी, जमोड़ी, प्रधान आरक्षक अवनीश सिंह, आरक्षक केपी सिंह, आरक्षक सतीश तिवारी, आरक्षक प्रदीप कुमार मिश्रा शामिल रहे।
इनका कहना है-
सीधी पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों को अत्यंत गंभीरता से लेती है। ऐसे जघन्य अपराधों में लिप्त आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। यह गिरफ्तारी हमारी पुलिस टीम की सतर्कता, तकनीकी दक्षता एवं निरंतर प्रयासों का परिणाम है। सीधी पुलिस सामूहिक दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी एवं कठोर वैधानिक कार्यवाही हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है, आमजन से अपील है कि किसी भी अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें, सीधी पुलिस सदैव आपकी सुरक्षा के लिये प्रतिबद्ध है।
संतोष कोरी, पुलिस अधीक्षक सीधी
