पूर्वोत्तर भारत के ‘सेवन सिस्टर्स’ राज्यों का उल्लेख कर बोले यूनुस, आर्थिक मोर्चे पर बड़ी संभावना

ढाका, 17 फरवरी (वार्ता) बंगलादेश सरकार के अंतरिम सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने राष्ट्र के नाम अपने विदाई संबोधन में भारत का उल्लेख तो नहीं किया, लेकिन ‘सात बहनों’ का संबोधन करते हुए कहा कि बंगलादेश, नेपाल, भूटान और भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र के सात राज्यों (सेवेन सिस्टर्स) को आर्थिक समृद्धि के लिए विशाल अवसर दे सकता है। श्री यूनुस ने सोमवार रात अपने संबोधन में कहा, “ खुला समुद्र केवल (बंगलादेश की) भौगोलिक सीमा नहीं है। यह बंगलादेश के लिए वैश्विक अर्थव्यवस्था के साथ काम करने का अवसर है। बंगलादेश सात बहनों, नेपाल और भूटान के लिए आर्थिक खुशहाली की बहुत बड़ी संभावना दे सकता है। ”
‘सात बहन राज्यों’ का अर्थ भारत के पूर्वोत्तर में मौजूद सात राज्यों से हैं। इनमें अरुणाचल प्रदेश, मिज़ोरम, मेघालय, असम, त्रिपुरा, नागालैंड और मणिपुर शामिल हैं। श्री यूनुस ने अपने बयान में नेपाल और भूटान का भी जिक्र किया, लेकिन उनके शब्दों में पड़ोसी भारत का कोई उल्लेख नहीं था। उल्लेखनीय है कि शेख हसीना की सरकार जाने के बाद से बंगलादेश में पूर्वोत्तर भारत तकरार का विषय रहा है और कई नामचीन हस्तियां भारत के इस अभिन्न हिस्से को लेकर विवादास्पद टिप्पणियां कर चुकी हैं।

श्री यूनुस खुद इससे पहले पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर को एक किताब भेंट कर चुके हैं, जिसमें भारत के इन सात राज्यों को ‘ग्रेटर बंगलादेश’ का हिस्सा दिखाया गया था। इसके अलावा बंगलादेश की नेशनल सिटिज़न्स पार्टी के सांसद हसनत अब्दुल्लाह एक भाषण में इन राज्यों को भारत से काटने की बात कह चुके हैं। बंगलादेश के सेवानिवृत्त कर्नल अब्दुल हक़ ने दिसंबर 2025 में कहा था कि जब तक इन राज्यों को भारत से अलग नहीं कर दिया जाता, तब तक बंगलादेश सुरक्षित नहीं है। दिवंगत छात्र नेता उस्मान हादी ने अपनी हत्या से पहले सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा की थी, जिसमें इन राज्यों को भारत से अलग दिखाया गया था। श्री यूनुस ने अपने संबोधन में कहा कि आर्थिक ज़ोन, व्यापार समझौते और ड्यूटी-फ्री बाजार एक्सेस इस इलाके को वैश्विक विनिर्माण केन्द्र के तौर पर उभरने की नींव रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह प्रबंधन कंपनियों के साथ समझौते से कुशलता वैश्विक स्तर तक बढ़ जाएगी।

Next Post

जब सिद्धांत चतुर्वेदी से कहा गया कर्ली बाल वाले हीरो नहीं बनते

Tue Feb 17 , 2026
मुंबई, 17 फरवरी (वार्ता) अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी के फिल्मी करियर के शुरूआती दिनों में एक फिल्म निर्माता उनका स्क्रीन टेस्ट देखकर उन्हें रिजेक्ट कर दिया था और जब उन्होंने उसकी वजह पूछी तो उन्होंने कहा था “कर्ली बाल वाले हीरो नहीं बनते। सिद्धांत चतुर्वेदी आज अपने क्यूट और बॉय-नेक्स्ट-डोर चार्म […]

You May Like