ब्रसेल्स, 17 मार्च (वार्ता) यूरोपीय संघ (ईयू) ने संकेत दिया है कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने में सैन्य मदद के लिए अमेरिका की मांग का समर्थन करने में जल्दबाजी नहीं करेगा।
होर्मुज जलडमरूमध्य से दुनिया का लगभग 20 प्रतिशत कच्चा तेल गुजरता है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय देशों से वाणिज्यिक जहाजों को सुरक्षा देने के लिए नौसेना तैनात करने की अपील की है।
ईयू की विदेश नीति प्रमुख काजा कैलास ने कहा कि समूह और तनाव बढ़ाने का जोखिम उठाने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि राजनयिक रास्ते खुले रहने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि बढ़ता संघर्ष उर्जा के अलावा उर्वरक और ज़रूरी सामान की भी कमी पैदा कर सकता है।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने भी सेना भेजने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन सहयोगियों के साथ एक “काम का कलेक्टिव प्लान” पर काम करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस इलाके में बारुदी सुरंग हटाने वाले जहाज पहले से ही तैनात हैं।
