
मंडला. विगत बुधवार रात्रि नेशनल हाईवे 30 मार्ग में बबैहा पुल से गहरी नदी में एक चांवल से लोड ट्रक गिर गया था। जिसे करीब 40 घंटों बाद शुक्रवार को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालने में सफलता मिली, लेकिन इस दौरान ट्रक के चालक और कंडक्टर का सुराग नहीं मिला था, लेकिन ट्रक को बाहर निकालने के बाद स्थानीय ग्रामीणों को एक शव नदी में तैरता हुआ दिखाई दिया। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने एसडीईआरएफ टीम को दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकाला।
जानकारी अनुसार टिकरिया थाना प्रभारी गोपाल घासले ने मृतक की पहचान ट्रक के कंडक्टर हरीशंकर कश्यप के रूप में होने की पुष्टि की। परिजनों को फोटो भेजकर पहचान कराई गई है और परिजन मंडला पहुंच रहे हैं। एसडीईआरएफ के हवलदार कोमल सिंह ने बताया कि कंडक्टर का शव नदी में नीचे चावल की बोरियों के बीच दबा हुआ था। 8 सदस्यीय टीम ने दिन भर नदी के काफी हिस्से में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन ट्रक के चालक धर्मवीर का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। बताया गया कि टीम आज रविवार सुबह फिर से व्यापक तलाशी अभियान शुरू करेगी।
बताया गया कि इस हादसे की सूचना मिलने के बाद ट्रक मालिक रणवीर सिंह ठाकुर भी मंडला पहुंच गए हैं। उन्होंने बताया कि ट्रक 10 नवंबर को बुलन्दशहर से चावल लोड कर विशाखापत्तनम के लिए निकला था। ट्रक मालिक ने बताया कि अचानक ट्रक का जीपीएस कनेक्शन 12 नवंबर की रात करीब 9.15 बजे बंद हो गया था, जिसके बाद दूसरे दिन भी संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन ड्राईवर और कंडेक्टर से संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद चांवल से लोड ट्रक के नदी में गिरने की सूचना मिली थी।
