
नीमच। जिले में रविवार रात जीरन थाना क्षेत्र के हर्कियाखाल डैम के पास पुलिया के समीप दो कारों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उनमें सवार 14 लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार टवेरा कार (आरजे 09 यूए 3422) में सवार 11 लोग राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के टांडा क्षेत्र के मानपुरा गांव के निवासी हैं। ये सभी अपने कुलदेवी के दर्शन के लिए जावद क्षेत्र के तारापुर के पास स्थित बेलाना गांव आए थे। वहीं से माँ भादवा माता के दर्शन कर वे रात में अपने गांव लौट रहे थे। जब उनकी कार हर्कियाखाल डैम के पास बने टर्न पर पहुंची, तो सामने से आ रही एक नई टाटा पंच कार (बिना नंबर) से सीधी टक्कर हो गई।
दूसरी कार में अरनोद पंचायत के अरनोदा गांव (राजस्थान) के माली समाज के चार लोग सवार थे। वे जीरन के हार्खियाखाल स्टेशन क्षेत्र में हुए एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। मोड़ पर अचानक हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारों के सभी यात्री चोटिल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। इसी दौरान लोगों ने 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। एंबुलेंस दल ने सभी घायलों को जीरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।
गंभीर घायलों में कुशल (उम्र लगभग 12 वर्ष), एक महिला और पंच कार का चालक शामिल है। इन तीनों को डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय नीमच रेफर कर दिया। बाकी घायलों को भी प्राथमिक इलाज के बाद नीमच जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
