नयी दिल्ली, 11 अगस्त (वार्ता) देश में व्यक्तिगत आयकर सहित सभी प्रकार के प्रत्यक्ष करों की सकल संग्रह चालू वित्त वर्ष में दस अगस्त तक 9,54,775.91 करोड़ रुपये रही जो पिछले साल की तुलना में 19.75 प्रतिशत अधिक है।
पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में सकल प्रत्क्ष कर संग्रह 7,97,327.83 करोड़ रुपये था।
वित्त मंत्रालय की मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस वर्ष पहली अप्रैल से 10 अगस्त तक गैर कार्पोरेट कर (व्यक्तिगत आयकर सहित) संग्रह 5,40,829.50 करोड़ रुपये, कार्पोरेट कर संग्रह 3,80,108.34 करोड़ रुपये, प्रतिभूति क्रय-विक्रय कर (एसटीटी) 33,823.74 करोड़ रुपये तथा अन्य प्रत्यक्ष करों का संग्रह 14.33 करोड़ रुपये रहा।
इस दौरान आयकर विभाग ने कुल 1,43,451.40 करोड़ रुपये की राशि के रिफंड किये।
इस तरह शुद्ध प्रक्ष कर संग्रह 8,11,324.51 करोड़ रुपये रहा जो पिछले वर्ष की तुलना में 23.09 प्रतिशत अधिक रहा।
पिछले वित्त वर्ष में इसी अवधि में शुद्ध कर संग्रह 6,59,114.02 करोड़ रुपये था।
पिछले साल इसी अवधि में व्यक्तिगत आय संग्रह 4,42,261.82 करोड़ रुपये, कार्पोरेट कर संग्रह 3,32,428.74 करोड़ रुपये, एसटीटी संग्रह 22,354.31 करोड़ रुपये तथा अन्य प्रत्यक्ष करों का संग्रह 282.96 करोड़ रुपये था।
पिछले साल इसी अवधि में रिफंड की राशि 1,38,213.80 करोड़ रुपये थी।
