दमोह: सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की जटाशंकर कॉलोनी स्थित मंगल भवन के पास एक मंदिर में रविवार को एक नशे में धुत युवक द्वारा तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने मंदिर में प्रवेश कर वहां स्थापित मूर्ति को नुकसान पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के जैन समुदाय के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और कोतवाली पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही कोतवाली टीआई मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। घटना से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस आरोपी के खिलाफ उचित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
