IMD ने कई जिलों के लिए जारी किया रेड और ऑरेंज अलर्ट, मुख्यमंत्री ने प्रशासन को किया सतर्क रहने का निर्देश।
हैदराबाद, 13 अगस्त : तेलंगाना में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मौसम विभाग (IMD) ने कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी सरकारी विभागों को अगले 72 घंटों तक हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए अधिकारियों को सभी आवश्यक कदम उठाने के लिए भी कहा है।
इस गंभीर स्थिति के मद्देनजर, ग्रेटर हैदराबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (GHMC) में आने वाले स्कूलों में बुधवार और गुरुवार को आधे दिन की छुट्टी घोषित की गई है, जबकि शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस का सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने आईटी कंपनियों से भी अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने की अपील की है, ताकि सड़कों पर ट्रैफिक जाम कम हो और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

