
पीएम मोदी अगले महीने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में होंगे शामिल, अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय वार्ता की संभावना।
नई दिल्ली, 13 अगस्त : भारत और अमेरिका के बीच बढ़ते टैरिफ विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात की संभावना है। पीएम मोदी अगले महीने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) की 80वीं बैठक में शामिल होने वाले हैं, जहां द्विपक्षीय वार्ता हो सकती है। यह संभावित मुलाकात ऐसे समय में हो रही है, जब ट्रंप प्रशासन ने रूस से तेल खरीदने के कारण भारत पर 50% तक आयात शुल्क लगाने का ऐलान किया है।
संयुक्त राष्ट्र द्वारा जारी वक्ताओं की अस्थायी सूची के अनुसार, पीएम मोदी 26 सितंबर को UNGA में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं, राष्ट्रपति ट्रंप 23 सितंबर को संबोधित करेंगे। इस संभावित बैठक का उद्देश्य व्यापार से जुड़े मुद्दों और टैरिफ पर आम सहमति बनाना हो सकता है। भारत ने अमेरिकी टैरिफ को “दुर्भाग्यपूर्ण और अनुचित” बताया है, जबकि अमेरिका का एक व्यापार प्रतिनिधिमंडल 25 अगस्त से पहले भारत का दौरा करने वाला है।
