
इंदौर. शहर में चोरी की वारदातें थम नहीं रही हैं. किला मैदान स्थित विवाह समारोह में पहुंचे एक परिवार की कार का कांच फोड़कर बदमाश 45 हजार रुपए, ज्वेलरी और नए कपड़े लेकर फरार हो गए.
खरगोन जिले के बलवाड़ा निवासी जितेंद्र वर्मा अपने परिवार के साथ गौड़ समाज के विवाह समारोह में शामिल होने इंदौर आए थे. रविवार रात करीब साढ़े 9 बजे वे गुटकेश्वर मंदिर के बाहर कार खड़ी कर किला मैदान में चल रहे रिसेप्शन में शामिल हुए. करीब 10.35 बजे लौटे तो कार का कांच टूटा मिला. कार के भीतर रखी 45 हजार रुपए नकद, ज्वेलरी और मामेरा के लिए लाए नए कपड़े गायब थे. वहीं पुराने कपड़े बदमाश मौके पर ही छोड़कर चले गए. अंदेशा है कि चोरों ने कार में रखे हर सामान की बारीकी से तलाशी लेकर सिर्फ कीमती सामान ही निकाला. शिकायत पर सदर बाजार पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. इधर, शहर के अन्य इलाकों में भी चोरी की वारदातें सामने आई हैं. बिचौली मर्दाना स्थित कॉसमॉस सिटी ब्लॉक-डी में रहने वाले मयूर सिंगी के फ्लैट से चोर सोने-चांदी के जेवर, नकदी और वाहनों की चाबियाँ ले गए. लसूड़िया थाना क्षेत्र की स्कीम 136 में यश पुष्पज और शुभ दुबे के कमरे से मोबाइल और लैपटॉप चोरी हुआ. वहीं रंजीतबाग कॉलोनी, नंदबाग में बंसत कुर्मी के घर में घुसे बदमाश भी सामान चुराकर भाग निकले. पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में जांच जारी है और आरोपियों की जल्द पहचान की जाएगी.
