
इंदौर. एक दर्जन से अधिक अपराधों में लिप्त बदमाश को जिला बदर होने के बावजूद इंदौर में बेखौफ घूमते हुए पुलिस ने पकड़ लिया. आरोपी पर हत्या सहित संगीन धाराओं में केस दर्ज हैं.
द्वारकापुरी थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने बताय कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंचमूर्ति नगर निवासी विनोद पिता रमेश मराठा को गिरफ्तार किया है. आरोपी की लगातार बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए प्रशासन ने उसे छह माह के लिए जिला बदर किया था, लेकिन आदेश के बावजूद वह इंदौर में ही सक्रिय घूमता मिला. आरोपी पर शहर के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ अड़ीबाजी, मारपीट, अवैध हथियार, चाकूबाजी, जुआ एक्ट सहित हत्या जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं. आरोपी पर पहले भी बार-बार कार्रवाई की गई, लेकिन उसकी गतिविधियाँ कम नहीं हुईं. इधर पुलिस कमिश्नर ने बदमाशों पर नकेल कसने के लिए नई व्यवस्था लागू की है, जिसके तहत ऐसे अपराधियों को एक वर्ष तक प्रतिदिन थाने में हाजिरी लगानी होगी, यादव का कहना है कि यह व्यवस्था अपराध पर नियंत्रण के लिए प्रभावी साबित होगी.
