नोएडा में स्कूटी से टक्कर लगने के बाद हिंसक झड़प, पुलिस ने चार लोगों को किया गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा (वार्ता) उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में स्कूटी से टक्कर लगने के बाद शुरू हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।

घटना 10 मई की बताई जा रही है, जहां दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और बाद में मामला मारपीट तक पहुंच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि प्रारंभिक विवाद स्कूटी की टक्कर को लेकर हुआ था। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन कुछ समय बाद दोनों पक्षों के लोग फिर आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोबारा कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों से प्राप्त तहरीरों के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है। साथ ही दोनों पक्षों से दो- दो लोगों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की गई है। मामले में लगाए गए अन्य आरोपों की जांच भी की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरे मामले पर सेंट्रल नोएडा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (एडीसीपी)स्वतंत्र कुमार सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है और किसी भी पक्ष को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Next Post

जांजगीर-चांपा में संदिग्ध विषाक्त भोजन से किशोर की मौत, तीन बच्चे अस्पताल में भर्ती

Tue May 12 , 2026
जांजगीर-चांपा, ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में संदिग्ध विषाक्त भोजन से एक परिवार के चार बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गयी, जिसमें से एक किशोर की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य बच्चों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, […]

You May Like