नई दिल्ली। भारत के सार्वजनिक सेवा प्रसारक प्रसार भारती ने देश की समृद्ध सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सभ्यतागत विरासत को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से दो नई डॉक्यूमेंट्री श्रृंखलाओं
अवेकनिंग इंडिया सीज़न-2’ और ‘उत्सवमः भारत की पवित्र सांस्कृतिक धड़कन’ के प्रसारण की घोषणा की है। दोनों कार्यक्रम भारतीय संस्कृति, परंपराओं, आध्यात्मिक मूल्यों और ऐतिहासिक धरोहर को आधुनिक दर्शकों तक प्रभावशाली ढंग से पहुँचाने का प्रयास करेंगे।
‘अवेकनिंग India सीज़न-2’ भारत की सभ्यतागत विरासत की गहराई, विविधता और निरंतरता पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री श्रृंखला है। पहले सीज़न की सफलता के बाद शुरू की जा रही यह श्रृंखला उन विचारों, मूल्यों, परंपराओं और महान व्यक्तित्वों की पड़ताल करती है, जिन्होंने सदियों से भारतीय चेतना को आकार दिया है। कार्यक्रम में भारत की बौद्धिक परंपराओं, पवित्र स्थलों, सांस्कृतिक प्रथाओं, कलात्मक अभिव्यक्तियों, वैज्ञानिक उपलब्धियों और सामाजिक सुधार आंदोलनों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है।
श्रृंखला में देशभर के प्रतिष्ठित संन्यासियों, आध्यात्मिक गुरुओं, विद्वानों, शिक्षाविदों, लेखकों, पत्रकारों और सार्वजनिक चिंतकों के विचार शामिल किए गए हैं। कार्यक्रम का संचालन प्रवीण तिवारी ने किया है, जबकि इसकी संकल्पना और निर्देशन दूरदर्शन के वरिष्ठ कार्यक्रम कार्यकारी अनुराग दर्शन ने इन-हाउस निर्माण के रूप में किया है। इसका प्रथम प्रसारण 6 जून 2026 से होगा तथा यह प्रत्येक शनिवार शाम 5 बजे डीडी नेशनल और शाम 5:30 बजे डीडी भारती पर प्रसारित किया जाएगा।
इसके साथ ही प्रसार भारती सात एपिसोड की डॉक्यूमेंट्री श्रृंखला ‘उत्सवमः भारत की पवित्र सांस्कृतिक धड़कन’ भी लेकर आ रहा है। यह श्रृंखला उत्तर गुरुवायूरप्पन मंदिर के दस दिवसीय वार्षिक उत्सव की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और कलात्मक परंपराओं को दर्शाती है। इसमें मंदिर के भव्य अनुष्ठानों, पारंपरिक शोभायात्राओं तथा कथकली, मोहिनीयाट्टम, कर्नाटक संगीत और तालवाद्य प्रस्तुतियों जैसी शास्त्रीय कला परंपराओं को प्रमुखता से दिखाया गया है।
‘उत्सवम’ केवल एक मंदिर उत्सव का दस्तावेजीकरण नहीं, बल्कि सामूहिक आस्था, सामुदायिक सहभागिता और सांस्कृतिक संरक्षण की जीवंत कहानी प्रस्तुत करती है। श्रृंखला उन कलाकारों, श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों और समुदाय के सदस्यों के योगदान को भी रेखांकित करती है, जो इन परंपराओं को जीवित रखने और अगली पीढ़ियों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसका निर्देशन और सृजन प्रतीक वासन ने किया है।
‘उत्सवमः भारत की पवित्र सांस्कृतिक धड़कन’ का प्रथम प्रसारण शनिवार, 6 जून 2026 को शाम 7:30 बजे होगा। इसके बाद यह श्रृंखला प्रत्येक शनिवार रात 7:30 बजे तथा पुनः प्रसारण प्रत्येक रविवार शाम 5 बजे किया जाएगा।