
भोपाल। रेलवे ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के सम्मान में विशेष पहल की. महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए भोपाल रेल मंडल द्वारा महिलाओं के समर्पण को उजागर करने के लिए एक प्रेरणादायक कदम उठाया। इस विशेष दिन पर ट्रेन संख्या 18235 भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस को पूरी तरह महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित कर रवाना किया गया, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में रेलवे के सकारात्मक प्रयासों का प्रतीक है।
रश्मि दिवाकर ने दिखाई हरी झंडी
इस ट्रेन शनिवार को भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 5 से रवाना की गई। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक रश्मि दिवाकर ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और महिला क्रू सदस्यों का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उन्होंने सभी महिला कर्मचारियों को पुष्पमाला पहनाकर एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया और उनके उत्कृष्ट कार्य के प्रति अपनी शुभकामनाएं दीं।
बढ़ती भागीदारी
इस विशेष ट्रेन का संचालन कुशल महिला क्रू ने किया, जिसमें लोको पायलट के रूप में कु. नूतन, सहायक लोको पायलट के रूप में नेहा श्रीवास्तव, ट्रेन मैनेजर के रूप में अक्षिता काले तथा ट्रेन टिकट परीक्षक के रूप में रीता यादव एवं रश्मि मगरदे ने अपनी जिम्मेदारी संभाली।
इस अवसर पर एडीआरएम रश्मि दिवाकर के साथ वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर(कर्षण परिचालन) सचिन शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया, मुख्य लोको इंस्पेक्टर, मंडल वाणिज्य प्रबंधक, स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) सहित अन्य पर्यवेक्षकगण उपस्थित रहे।
