टैरिफ के संभावित प्रभावों को लेकर बढ़ी चिंता से गिरा बाजार

मुंबई, 06 मई (वार्ता) टैरिफ और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर उसके संभावित प्रभावों को लेकर बढ़ती चिंताओं से वैश्विक बाजारों के मिलेजुले रुख के बीच स्थानीय स्तर पर रियल्टी, इंडस्ट्रियल्स, यूटिलिटीज, तेल एवं गैस और सर्विसेज समेत 19 समूहों में हुई बिकवाली से आज शेयर बाजार गिरकर बंद हुआ।
बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 155.77 अंक का गोता लगाकर 80,641.07 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 81.55 अंक की गिरावट लेकर 24379.60 अंक पर आ गया। बीएसई की दिग्गज कंपनियों के मुकाबले मझौली और छोटी कंपनियों के शेयरों में अधिक बिकवाली हुई, जिससे मिडकैप 2.16 प्रतिशत लुढ़ककर 42,391.76 अंक और स्मॉलकैप 2.33 प्रतिशत टूटकर 46,834.91 अंक रह गया।
इस दौरान बीएसई में कुल 4072 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 3167 में गिरावट जबकि 779 में तेजी रही वहीं 126 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह एनएसई में कारोबार के लिए रखी गई कुल 2946 कंपनियों में से 2331 में बिकवाली जबकि 545 में लिवाली हुई वहीं 70 के भाव यथावत रहे।
बीएसई के 19 समूहों का रुझान नकारात्मक रहा। इससे रियल्टी 3.49, पावर 2.64, सर्विसेज 2.53, यूटिलिटीज 2.36, तेल एवं गैस 2.09, कमोडिटीज 0.95, सीडी 1.38, ऊर्जा 1.79, एफएमसीजी 0.26, वित्तीय सेवाएं 1.31, हेल्थकेयर 0.87, इंडस्ट्रियल्स 2.00, आईटी 0.51, दूरसंचार 0.68, बैंकिंग 0.94, कैपिटल गुड्स 1.71, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1.59, धातु 0.63 और फोकस्ड आईटी समूह के शेयर 0.32 प्रतिशत लुढ़क गए।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मिलाजुला रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.26 और जर्मनी का डैक्स 1.60 प्रतिशत टूट गया जबकि जापान का निक्केई 1.04, हांगकांग का हैंगसेंग 0.70 और चीन का शंघाई कंपोजिट 1.13 प्रतिशत उछल गया।

Next Post

गुजरात में खेल महाकुंभ 3.0 एथलेटिक्स में चमके 6300 खिलाड़ी

Tue May 6 , 2025
नडियाद, 06 मई (वार्ता) गुजरात में खेडा जिले के नडियाद में आयोजित खेल महाकुंभ 3.0 राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 6300 से अधिक खिलाड़ी चमके हैं। इससे गुजरात को प्रतिभाशाली खिलाड़ी मिले हैं। सरकारी सूत्रों के मंगलवार को बताए अनुसार पिछले दो दशकों में गुजरात के युवा खेल-कूद क्षेत्र में […]

You May Like