ग्वालियर: जैविक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय पर जैविक सेतु कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। इसके तहत संयुक्त कृषि परिसर रेसकोर्स रोड पर जैविक उत्पादों की बिक्री के लिये मेले का आयोजन किया गया। मेले में जिले के किसानों ने अपने-अपने खेत पर जैविक खेती के माध्यम से उत्पादित फल, सब्जी एवं अन्य सामग्री का न केवल प्रदर्शन किया बल्कि विक्रय भी किया। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जैविक सेतु कार्यक्रम का शुभारंभ किया और जिले के किसान भाईयों से संवाद स्थापित कर जैविक खेती को बढ़ावा देने का आग्रह भी किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत ग्वालियर जिले के आम नागरिकों को संयुक्त कृषि परिसर, रेसकोर्स रोड (मेला ग्राउंड के सामने) पर जैविक उत्पादों की बिक्री एवं क्रय के लिए विशेष स्थान उपलब्ध कराया गया है। इस पहल के माध्यम से जिले के जैविक कृषकों को अपने जैविक उत्पादों के प्रत्यक्ष विपणन का अवसर मिलेगा, जिससे किसानों को बेहतर मूल्य प्राप्त होगा तथा उपभोक्ताओं को शुद्ध, प्राकृतिक एवं रसायन-मुक्त कृषि उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।
जैविक सेतु कार्यक्रम में इच्छुक किसान अपने प्रमाणित या पारंपरिक जैविक तरीकों से उत्पादित कृषि उत्पादों की बिक्री हेतु आत्मा में अपने नाम, ग्राम का पंजीयन करा कर प्रत्येक रविवार निर्धारित स्थान पर पहुंचकर भाग ले सकते हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य जैविक खेती को प्रोत्साहित करते हुए स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण, तथा किसानों की आय वृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाना है।कार्यक्रम में किसान संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा, रामाधार सिंह कुशवाह, नंदकिशोर बघेल, कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख, उद्यानिकी विभाग के अधिकारी व मछली पालन विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
