
सागर। बुन्देलखण्ड के संभागीय मुख्यालय सागर मे पांच दिवसीय 69वीं राज्य स्तरीय ताईक्वाडों शालेय क्रीडा प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि कलेक्टर संदीप जी आर ने कहा कि खेल को पूरी खेल भावना एवं ईमानदारी के साथ खेल और आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि किसी भी खेल में कोई भी हारता नहीं है केवल कुछ कमी के कारण वह पीछे हो जाता है और सामने वाला आगे निकल जाता है। आप लगातार कोशिश करें और आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी हमेशा सफलता की ओर बढ़ता है और वह जिस क्षेत्र में भी आगे बढ़ता है सफल रहता है इसलिए खेल जरूरी है।
संयुक्त संचालक लोक शिक्षण सागर संभाग मृत्युंजय कुमार ने कहा कि सभी खिलाड़ियों को दुनिया में मुझसे आगे कोई नहीं इसी भावना के साथ खेलना चाहिए और आगे बढ़ना चाहिए। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने स्वागत भाषण में प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रतियोगिता 08 सितम्बर से 12 सितम्बर तक चलेगी ,जिसमें खेल ताईक्वाडों बालक/बालिका 14,17 वर्ष के खेल खेले जाएंगे। डीईओ ने बताया कि प्रतियोगिता में सहभागी संभाग भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, जनजातीय कार्य विभाग, नर्मदापुरम, रीवा, संभाग, सागर एवं उज्जैन संभाग के लगभग 375 से अधिक प्रतियोगी शामिल हुए।कलेक्टर ने प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की एवं सभी को शपथ दिलाई।
