रीवा :शहर के सबसे बड़े गांधी स्मारक एवं संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। अमहिया थाना प्रभारी मनोज कुमार गौतम ने रविवार को अस्पताल परिसर के विभिन्न स्थलों का सघन निरीक्षण किया।
सुपरवाइजर के साथ की बैठक, संदिग्धों से पूछताछ
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी ने सबसे पहले सुरक्षा सुपरवाइजर से अस्पताल की वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने सुरक्षा गार्डों की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी और रात के समय गश्त व्यवस्था को और प्रभावी बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान अस्पताल परिसर में घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनसे पूछताछ भी की गई, ताकि मरीजों, उनके परिजनों और चिकित्सा कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में लगातार चोरी, मोबाइल स्नैचिंग और बाहरी लोगों के जमावड़े की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह निरीक्षण किया गया है। पुलिस के इस एक्शन से अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसी में हड़कंप मचा हुआ है।
