नोरा फतेही और संजय दत्त के नए गाने ‘सरके चुनर’ पर सरकार का बड़ा एक्शन, अश्लीलता के आरोपों के बाद NHRC ने जारी किया नोटिस, मेकर्स ने यूट्यूब से हटाया वीडियो

हैदराबाद | फिल्म ‘केडी: द डेविल’ का नया गाना ‘सरके चुनर’ रिलीज होते ही कानूनी पचड़े में फंस गया है। अभिनेत्री नोरा फतेही और संजय दत्त पर फिल्माए गए इस गाने के बोल को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने कड़ा रुख अपनाया है। आयोग की सदस्य प्रियंक कानूनगो की पीठ ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्रालय और गूगल इंडिया को नोटिस जारी किया है। आरोप है कि गाने में यौन रूप से उत्तेजक और दोहरे अर्थ वाले शब्द हैं, जो नाबालिगों के मानसिक स्वास्थ्य और नैतिक वातावरण पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं। मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम के तहत आयोग ने संबंधित विभागों से दो सप्ताह के भीतर ‘एक्शन टेकन रिपोर्ट’ (ATR) मांगी है।

सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर बढ़ते विरोध के बीच भारत सरकार ने भी इस मामले में हस्तक्षेप किया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) को निर्देश दिया है कि यदि गाने में अश्लीलता के दावे सही पाए जाते हैं, तो इसे सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से तुरंत हटाने के लिए कड़ी कार्रवाई की जाए। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की पहुंच वाले डिजिटल कंटेंट में गरिमा और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विवाद को बढ़ता देख फिल्म के मेकर्स ने एहतियातन इस गाने को यूट्यूब से हटा दिया है और अब इसके प्रसारण पर रोक लगा दी गई है।

सूत्रों के अनुसार, विवाद को सुलझाने के लिए फिल्म ‘केडी: द डेविल’ के मेकर्स अब इस गाने के बोल (लिरिक्स) को संशोधित करने पर काम कर रहे हैं। जल्द ही नए और मर्यादित शब्दों के साथ गाने का दूसरा संस्करण रिलीज किया जा सकता है। निर्देशक प्रेम की इस बहुभाषी फिल्म में ध्रुव सरजा मुख्य भूमिका में हैं, जबकि शिल्पा शेट्टी और संजय दत्त जैसे बड़े सितारे भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। फिलहाल, इस विवाद ने फिल्म इंडस्ट्री में सेंसरशिप और डिजिटल कंटेंट की निगरानी को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। फिल्म को कन्नड़, हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं में बड़े स्तर पर रिलीज करने की तैयारी है।

Next Post

देश में एलपीजी सिलेंडर की भारी किल्लत के बीच अक्षय कुमार ने निकाला नया विकल्प, पत्नी ट्विंकल खन्ना ने घर के लिए ऑर्डर किए दो इंडक्शन चूल्हे

Wed Mar 18 , 2026
मुंबई | देशभर में रसोई गैस (LPG) की भारी किल्लत और आसमान छूती कीमतों के बीच बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार ने अपने घर की स्थिति साझा की है। मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अक्षय ने बताया कि हालांकि फिलहाल उनके घर में गैस की कोई कमी नहीं है, […]

You May Like

मनोरंजन