उदयपुर, 17 अगस्त (वार्ता) राजस्थान में उदयपुर जिले के गोगुन्दा थाना क्षेत्र में रविवार को एक अनियंत्रित कार की चपेट में आने से राजमार्ग पर सब्जी बेच रही दो महिलाओं की मौत हो गयी और दो युवक घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सिरोही-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 127 पर अपरान्ह तीन बजे सिरोही की तरफ से आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गयी और घसियार गांव में राजमार्ग के किनारे बैठकर सब्जी बेचने वाली खुमानपुरा निवासी मांगीबाई एवं नोजी बाई को रौंदती हुई खड्डे में गिर गयी। इससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि कार चालक एवं एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गये।
हादसे की सूचना मिलने थानाधिकारी श्यामसिंह चारण मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को उदयपुर के एमबी चिकित्सालय में भर्ती कराया। शव गोगुन्दा अस्पताल के शवगृह में रखवा दिये।
