इंडियन बैंक राजभाषा कीर्ति पुरस्कार से सम्मानित, नवी मुंबई में छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन एवं हिन्दी दिवस समारोह में मिला सम्मान

मुंबई, देश के सार्वजनिक क्षेत्र के अग्रणी बैंक, इंडियन बैंक को नवी मुंबई, महाराष्ट्र में आयोजित छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन 2026 के दौरान आयोजित हिन्दी दिवस समारोह में वर्ष 2025-26 के लिए राजभाषा कीर्ति पुरस्कार के तहत द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इंडियन बैंक को यह पुरस्कार ‘राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में श्रेष्ठ निष्पादन’ करने के लिए लगातार तीसरे वर्ष प्राप्त हुआ है।
श्री शिव बजरंग सिंह, कार्यपालक निदेशक, इंडियन बैंक ने नवी मुंबई के सिडको एग्जिबिशन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के प्रथम दिन दिनांक 14.09.2026 को हिन्दी दिवस समारोह-2026 में माननीय गृह राज्य मंत्री श्री बंडी संजय कुमार एवं श्री नित्यानन्द राय के कर कमलों से सचिव, राजभाषा विभाग, श्रीमती अंशुली आर्या की गरिमामयी उपस्थिति में यह पुरस्कार ग्रहण किया।
इस अवसर पर इंडियन बैंक द्वारा प्रकाशित कॉफी टेबल पुस्तक “मैं दिल्ली हूँ” का लोकार्पण भी किया गया।

यह पुरस्कार बैंक में राजभाषा नीति के सफल कार्यान्वयन और बैंकिंग कामकाज में राजभाषा हिन्दी को लागू करने में बैंक की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है। इंडियन बैंक सदैव “ग्राहक की भाषा में ग्राहक सेवा” की भावना के साथ देशभर में बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने के लिए समर्पित है।

सम्मेलन के दूसरे दिन दिनांक 15.09.2025 को चेन्नै नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (बैंक/वि.सं.) के संयोजक इंडियन बैंक, कॉर्पोरेट कार्यालय, चेन्नै को अपने कार्यक्षेत्र में संघ की राजभाषा नीति के उल्लेखनीय कार्यनिष्पादन के लिए “नराकास राजभाषा सम्मान” के तहत “सर्वश्रेष्ठ श्रेणी” में सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार इंडियन बैंक के कॉर्पोरेट कार्यालय के मुख्य महाप्रबंधक सुश्री वी.एन. माया एवं नराकास के सदस्य सचिव एवं सहायक महाप्रबंधक श्री राजेश कुमार सिंह ने ग्रहण किया।

कांचीपुरम नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के संयोजक के रूप में इंडियन बैंक, अंचल कार्यालय, कांचीपुरम एवं पुडुच्चेरी नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (बैंक) के संयोजक के रूप में इंडियन बैंक, अंचल कार्यालय पुडुच्चेरी को अपने कार्यक्षेत्र में संघ की राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में उल्लेखनीय निष्पादन के लिए “नराकास राजभाषा सम्मान” के तहत “प्रशंसनीय श्रेणी” में सम्मानित किया गया।

कांचीपुरम नराकास को प्राप्त यह पुरस्कार इंडियन बैंक, कांचीपुरम अंचल के अंचल प्रबंधक एवं नराकास अध्यक्ष श्री गोपा कुमार जी. एस. और नराकास के सदस्य सचिव व वरिष्ठ प्रबंधक श्री सूरज प्रसाद साव ने ग्रहण किया। पुडुच्चेरी नराकास को प्राप्त यह पुरस्कार इंडियन बैंक, कॉर्पोरेट कार्यालय में राजभाषा विभाग के सहायक महाप्रबंधक श्री राजेश कुमार सिंह और नराकास के सदस्य सचिव श्री सुमित साव ने ग्रहण किया।

इस कार्यक्रम में मुंबई के क्षेत्र महाप्रबन्धक श्री प्राणेश कुमार एवं कार्यालय के स्टाफ सदस्य भी मौजूद थे। इंडियन बैंक द्वारा राजभाषा प्रदर्शनी के लिए स्टाल भी लगाया गया, जिसकी सभी ने काफी सराहना की।

You May Like