नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (वार्ता) ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टल मेकमायट्रिप ने अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के साथ करार किया है जिसके तहत अंतर्राष्ट्रीय यात्री ड्यूटी फ्री स्टोर से सामान की प्री-बुकिंग करा सकेंगे। दोनों कंपनियों ने सोमवार को इस संबंध में हुए करार की घोषणा की। इसके तहत अडानी एयरपोर्ट्स द्वारा संचालित हवाई अड्डों पर प्रस्थान और आगमन दोनों के लिए ड्यूटी-फ्री प्री-बुकिंग सेवा शुरू की गई है। यात्री 10 से अधिक श्रेणियों में 100 से अधिक ब्रांड और 14,000 से अधिक एसकेयू में से उत्पाद ब्राउज कर सकते हैं और अपनी यात्रा से पहले मेकमायट्रिप पर उन्हें प्री-बुक कर सकते हैं। साथ ही विभिन्न श्रेणियों में विशिष्ट ऑनलाइन ऑफर के लाभ भी ले सकते हैं। यह सेवा अंतर्राष्ट्रीय प्रस्थान और आगमन दोनों यात्रियों के लिए उपलब्ध है।
इस पहल का उद्देश्य एयरपोर्ट पर ब्राउज़िंग और कतार में खड़े होने में लगने वाले समय को कम करना है। इससे चेक-इन से लेकर बोर्डिंग और आगमन तक समय प्रबंधन बेहतर होता है। अडानी एयरपोर्ट्स फिलहाल मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, मेंगलुरु, जयपुर और तिरुवनंतपुरम में ड्यूटी-फ्री आउटलेट्स संचालित करता है। अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण बंसल ने कहा, “मेकमायट्रिप के माध्यम से ड्यूटी-फ्री प्री-बुकिंग को सक्षम बनाकर, हम अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों के लिए अधिक सुविधा ला रहे हैं। यह एकीकरण यात्रियों को पहले से खरीदारी की योजना बनाने, एयरपोर्ट पर समय बचाने और क्यूरेटेड ऑफ़र तक पहुंच प्रदान करता है, जिससे ड्यूटी-फ्री अनुभव सरल और अधिक लाभकारी बनता है।”
मेकमायट्रिप के सह-संस्थापक और समूह के मुख्य राजेश मगौ ने कहा, “यह साझेदारी हमारी कनेक्टेड रणनीति का स्वाभाविक विस्तार है, जो एक सहज, शुरू से लेकर अंत तक का यात्रा अनुभव बनाने पर केंद्रित है। यह सहयोग अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों को अग्रिम ड्यूटी-फ्री बुकिंग के माध्यम से अधिक बचत करने में सक्षम बनाता है।” ड्यूटी-फ्री प्री-बुकिंग सेवा योग्य अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों के लिए मेकमायट्रिप ऐप और मोबाइल वेब के माध्यम से उपलब्ध होगी।

