एक सप्ताह के अंदर की जाएंगी सभी आईसीएफ कोचों की जांचः रेलवे

नयी दिल्ली 07 जून (वार्ता) पंजाब के लुधियाना में हुई रेल दुर्घटना को रेलवे ने गंभीरता से लिया है और इसको लेकर सभी इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) कोचों के लिए सुरक्षा अभियान चलाने का फैसला लिया है, जिसके तहत कोच के संवेदनशील क्षेत्रों में जंग / क्षरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

गौरतलब है कि नयी दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाली स्पेशल ट्रेन (04081) के लुधियाना स्टेशन से रवाना होने के बाद दुर्घनाग्रस्त हो गई थी। इस घटना की जांच के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्देश पर उच्च-स्तरीय तकनीकी और तथ्य-खोजी समिति का गठन किया गया था। इस समति ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है, जिसमें सभी कोचों की अगले एक सप्ताह के अंदर जांच करने की सिफारिश की गयी है। इसके साथ ही जिनमें अत्यधिक क्षरण है , उसे हटाया जाएगा।

रेलवे ने रविवार को बताया कि मुख्यालय, वर्कशॉप तथा मंडल के अधिकारी इनका बारिकी से जांच करेंगे। इससे संबंधित जानकारी युक्त वीडियो क्षेत्रीय रेलवे द्वारा जारी किया गया है।

रेलवे ने बताया है कि संवेदनशील क्षेत्रों की जांच के लिए उपकरणों के प्रयोग जैसे – इंडोस्कोपी कैमरा, अल्ट्रासोनिक थिकनेस गेज आदि का उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही पीरियॉडिक ओवरहॉलिंग (एक सुनियोजित और व्यापक रखरखाव प्रक्रिया है) करने वाले सभी वर्कशॉप का अगले एक माह में ऑडिट किया जाएगा।

रेलवे ने बताया है कि इसके अलावा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) को सरलीकृत किया जा रहा है ताकि उच्च क्षरण या ऐसे कोच जिनमें बहुत ज्यादा मरम्मत की लागत है, वैसे कोचों को अपेक्षाकृत तेजी से निरस्त किया जा सके।

 

You May Like