
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2026 की पहली मंत्रि-परिषद बैठक में शासन कार्यों को अधिक पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए ई-कैबिनेट एप्लीकेशन की शुरुआत की। इस डिजिटल प्रणाली के माध्यम से कैबिनेट की कार्यप्रणाली को तकनीक से जोड़ते हुए निर्णय प्रक्रिया को सरल और सुचारु बनाने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ई-कैबिनेट एप्लीकेशन के माध्यम से एजेंडा, प्रस्ताव और निर्णयों की डिजिटल उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जिससे कागजरहित कार्यसंस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। यह पहल न केवल समय की बचत करेगी, बल्कि शासन में दक्षता और जवाबदेही भी बढ़ाएगी।
उन्होंने मंत्रियों से डिजिटल प्रणाली के प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि तकनीक आधारित शासन व्यवस्था ही भविष्य की आवश्यकता है। ई-कैबिनेट प्रणाली से प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी और निर्णयों के क्रियान्वयन में भी पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
