
उमरिया।जिले के चंदिया नगर में शराब दुकानों के समीप अवैध अहातों का संचालन खुलेआम जारी है। नगर के बीचोंबीच अस्पताल तिराहे के पास और नेशनल हाईवे किनारे स्थित शराब दुकानों के पास लंबे समय से अहाते चल रहे हैं, जहां रोजाना शराबियों की भीड़ जुटती है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अस्पताल तिराहे के पास का अहाता महिलाओं, बच्चों और विद्यार्थियों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। शराब के नशे में धुत लोग राहगीरों को रोककर अभद्रता करते हैं और कई बार सड़क पर बोतलें फोड़कर हंगामा भी मचाते हैं। हाईवे किनारे चल रहे अहाते पर दिनभर ट्रक ड्राइवर और ग्रामीण शराब पीते नजर आते हैं, जिससे सड़क हादसों की आशंका बढ़ गई है।
नागरिकों का कहना है कि नियमों के खिलाफ होने के बावजूद अहातों पर रोक नहीं लगाई जा रही है।
कई बार शिकायत के बावजूद जब कोई कदम नहीं उठाया गया तो अब नगरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन अवैध अहातों को बंद नहीं कराया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनकी मांग है कि अवैध अहातों पर तत्काल कार्रवाई कर आम लोगों को राहत दिलाई जाए।
