
उमरिया। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी। पहली घटना में आरोपियों ने धारदार हथियार से पप्पू गोंड़ नामक युवक के सिर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया, जहां उपचार जारी है।
वहीं दूसरी घटना रेलवे ट्रैक पर हुई, जहां ग्राम कोहका निवासी एक आदिवासी युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कई टुकड़ों में मिला। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेजा। डॉक्टरों द्वारा पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
युवती ग्राम भांगड़ा में अपनी नानी के घर आई हुई थी। अचानक शव के ट्रैक पर मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिजन गम में रोते-बिलखते नजर आए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन मौत हत्या है या आत्महत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। गौरतलब है कि हाल के दिनों में रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी कई संदिग्ध मौतें सामने आ चुकी हैं।
