रायपुर के उपभोक्ता फोरम के फैसले को चुनौती देगी मारुति

नयी दिल्ली, 17 जुलाई (वार्ता) देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने कहा है कि रायपुर के जिला उपभोक्ता विवाद समाधान आयोग के उस आदेश को चुनौती देगी जिसमें एक ग्राहक के वाहन के बदले उसे ई20 के अनुकूल वाहन देने का निर्देश दिया गया है।

कंपनी ने गुरुवार को जारी बयान में दावा किया है कि इस मामले में ग्राहक के वाहन से प्राप्त ईंधन में मिलावट के प्रमाण मिले हैं। साथ ही आदेश में कुछ अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की भी अनदेखी की गयी है।

उसने कहा है कि वह कानून के दायरे सक्षम उच्चतर फोरम के समक्ष इस आदेश को चुनौती देने के लिए जरूरी कदम उठायेगी।

आयोग ने मारुति सुजुकी और उसके अधिकृत डीलर को सेवा में कमी का दोषी ठहराते हुए उपभोक्ता के पक्ष में फैसला सुनाया था। उसने निर्देश दिया है कि कंपनी 45 दिन के भीतर उपभोक्ता को उसी मॉडल की ई20 अनुकूल नयी कार उपलब्ध कराये या वाहन की कीमत (करीब 20.50 लाख रुपये) सहित पंजीयन, बीमा एवं अन्य मदों में खर्च की गयी राशि लौटाये। साथ ही मानसिक प्रताड़ना के लिए एक लाख रुपये का मुआवजा तथा मुकदमे में खर्च हुये 10 हजार रुपये का भुगतान भी करे।

आयोग ने अपने निर्णय में माना कि संबंधित वाहन ई20 ईंधन के अनुरूप नहीं था, फिर भी उपभोक्ता को बेचा गया।

वहीं, कंपनी ने बयान में दावा किया है कि वाहन ई20 के अनुकूल था और ओनर्स मैनुअल में लिखा हुआ है कि ई20 ईंधन के लिए पूरी तरह तैयार था।

ई20 (80 प्रतिशत पेट्रोल और 20 प्रतिशत इथेनॉल) ईंधन के कारण पुराने वाहनों के इंजन को नुकसान की चर्चा इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं, लेकिन किसी अदालत या फोरम द्वारा इस बात को स्वीकार करने का यह पहला मामला है।

Next Post

चंडीगढ़ की तरक्की से पंजाब, हरियाणा और हिमाचल को मिलेगा लाभ: मोदी

Fri Jul 17 , 2026
चंडीगढ़, 17 जुलाई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में लगभग 4,700 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए कहा कि इस केंद्र शासित प्रदेश का विकास केवल इसी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय […]

You May Like