
उज्जैन। भूखी माता मंदिर के पास मंगलवार दोपहर शिप्रा नदी किनारे पुलिया के नीचे से एक युवक का नग्न हालत में शव बरामद किया गया। युवक की गला घोट कर हत्या की गई थी। जिसकी पहचान नहीं होने पर पुलिस ने देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव दफना दिया।
महाकाल थाना टीआई गगन बादल ने बताया कि सुबह 11 बजे के लगभग भूखी माता मंदिर के समीप पुलिया के नीचे एक युवक की नग्न लाश पड़ी होने की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। मृतक 25-26 वर्ष का होना सामने आएगा जिसके गले में जूते का बंद बंधा हुआ था। संभवत: तो उसकी गला घोट कर हत्या की गई थी। घटना स्थल से कुछ दूरी पर ही उसका पेंट और कुर्ता पड़ा मिला। जांच के लिए घटना स्थल पर एफएसएल टीम को बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का ही प्रतीत हुआ। मृतक के कपड़ों से कोई पहचान का दस्तावेज नहीं मिला ना ही आसपास के किसी व्यक्ति द्वारा उसकी पहचान की गई। युवक के सिर पर तिलक लगा हुआ था जिससे लग रहा था कि वह दर्शन करने आया होगा। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। देर शाम तक पहचान नहीं होने पर लाश को दफना दिया गया। मृतक की पहचान के प्रयास जारी है। वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे देखकर इस बात का पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक यहां तक कैसे आया था और उसके साथ कौन लोग शामिल थे। इस बात की जानकारी सामने आने पर घटना पूरी तरह से स्पष्ट हो जाएगी।
