
देवास। मंगलवार सुबह देवास रोड पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेलंगाना से अयोध्या जा रहे यात्रियों की टेंपो ट्रॉले, पाइप से भरे ट्रॉले में जा भिड़ी। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और एक बालक समेत कई लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, तेलंगाना के फरीदपुर के केबी नरसिम्हा (20) अपने सात साथियों के साथ अयोध्या दर्शन के लिए टेम्पो ट्रॉले में जा रहे थे। उनकी गाड़ी ग्राम चंदेसरी के पास बायपास से गुजर रही थी, तभी आगे चल रहे ट्रॉले ने अचानक ब्रेक लगाया। इसके चलते टेम्पो ट्रॉले सीधे ट्रॉले में जा भिड़ी।
हादसे में घायल सभी यात्रियों को राहगीरों की मदद से बाहर निकाला गया और पुलिस ने तुरंत चरक अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों ने नरसिम्हा और जगन्नाथ (26) को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिवा कुमार (25) को इंदौर रैफर किया गया, जहाँ उसने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घायल यात्रियों में केबी तरसिम्हा, रामप्पा, मलेन, 11 वर्षीय अरतिद, वाहन चालक बाल मंद्रप्पा, चिन्ना कुंधाकुंटा, जिया कुमार और काशष्या शामिल हैं। सभी का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दोनों वाहनों के चालकों से पूछताछ की जा रही है।
