
भोपाल। पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ताओं की मूल पहचान संगठन के प्रति समर्पण ही है, चाहे उनका दायित्व समय-समय पर संगठन, सरकार या जनप्रतिनिधि के रूप में बदलता रहे। मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि मंत्री होने के नाते उनका दायित्व है कि पार्टी कार्यालय आने वाले कार्यकर्ताओं की बात ध्यान से सुनें और उनकी जनसमस्याओं पर प्रभावी चर्चा करें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा यह व्यवस्था लागू की गई है कि सभी मंत्री सप्ताह में निर्धारित दिन पर प्रतिदिन दो घंटे पार्टी कार्यालय में बैठकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इस पहल का उद्देश्य कार्यकर्ताओं की जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण और संगठनात्मक संवाद को और मजबूत करना है।
मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि कई बार क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान में कार्यकर्ताओं को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है, लेकिन इस नई व्यवस्था से उनका कार्य तेजी से निपट सकेगा। साथ ही, जब कार्यकर्ता अपनी बात सही मंच तक पहुंचाता है, तो उसके भीतर आत्मविश्वास का संचार होता है और उसे यह विश्वास मिलता है कि उसकी आवाज़ संगठन के शीर्ष तक पहुंच रही है। यह संवाद व्यवस्था संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
