
रीवा, कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने आमजनता के आवेदन पत्रों में सुनवाई की तथा अधिकारियों को आवेदनों के निराकरण के निर्देश दिए.
जनसुनवाई में जलभराव, अवैध कब्जा एवं शासकीय रास्ता बंद करने जैसे आवेदन पहुंचे. साथ ही जेपी सीमेंट से निकाले गये कर्मचारी भी जनसुनवाई में पहुंचकर शिकायत की. कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन पत्रों का सात दिवस में निराकरण करें. समय सीमा में आवेदन पत्र का निराकरण न होने पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी. सभी एसडीएम शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा, आम रास्ता बंद करने तथा हैण्डपंपों पर अवैध कब्जे जैसे आवेदनों पर तत्परता से कार्यवाही कराएं. आवेदन पत्रों के निराकरण की जानकारी पोर्टल पर दर्ज कराएं तथा कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रतिवेदन प्रस्तुत करें. कलेक्टर ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से एसडीएम, तहसीलदार एवं अन्य अधिकारियों को जनसुनवाई के आवेदनों के संबंध में निर्देश दिए. जनसुनवाई में उपचार सहायता, मजदूरी भुगतान, भू अर्जन की राशि देने, जमीन के सीमांकन तथा बंटवारा तथा छात्रवृत्ति भुगतान की सुनवाई हुई.
