
इंदौर। बाणगंगा क्षेत्र में पार्षद पुत्र के ऑफिस पर तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने वाला शातिर बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गया है. आरोपी ने उज्जैन में महाकाल सवारी पर थूकने के मामले में राजीनामा कराने के लिए धमकी दी थी.
थाना प्रभारी सियाराम गुर्रजर ने बताया कि ग्राम नजरपुर थाना घटिया जिला उज्जैन निवासी शाहरुख उर्फ जलील पिता सलीम, उम्र 25 वर्ष, अपने साथियों के साथ बाणगंगा क्षेत्र में स्थित मासूम जायसवाल के ऑफिस पहुंचा था. वहां तोड़फोड़ कर आरोपी ने धमकाया था कि यदि महाकाल सवारी से जुड़े प्रकरण में आरोपियों के पक्ष में राजीनामा नहीं किया तो जान से खत्म कर देगा. घटना के बाद पुलिस ने शाहरुख और उसके साथियों सौरभ, गोलू और विनोद के खिलाफ मामला दर्ज किया था. तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि फरार चल रहे शाहरुख को पुलिस ने अब गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के दौरान भागने की कोशिश में वह गड्ढे में गिर गया, जिससे उसके पैर में चोट आई. थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपी के खिलाफ उज्जैन और बाणगंगा थानों में पहले से कई अपराध दर्ज हैं.
