
खरगोन। विधायक बालकृष्ण पाटीदार विधायक द्वारा कृषि उपज मंडी समिति खरगोन में साप्ताहिक जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार का शुभारंभ किया गया। इस हाट बाजार में लगभग 30 से अधिक किसानों ने अपने जैविक/प्राकृतिक खाद्यान्न उत्पाद लाए थे। जिनमें अमरूद, केला, पपीता, नींबू, सब्जियों में गिलकी, भिंडी, लौकी, टमाटर, बैंगन, अरबी, पालक, गोभी, ब्रोकली, मेथी, खीरा, मूली, हरा धनिया आदि, अनाज में गेहूं, मक्का, धान, ज्वार, दालें तुअर दाल, मूंग दाल, उड़द दाल, चना दाल आदि, मसाले मिर्च, हल्दी, धनिया, अदरक आदि, औषधियां अमलतास, अश्वगंधा, सफेद मूसली आदि), फसलें, जैविक गुड़, वर्मी कम्पोस्ट एवं अन्य जैविक उत्पाद विक्रय के लिए उपलब्ध कराए गए।
कार्यक्रम में विधायक पाटीदार ने बताया कि हमारे पूर्वज प्राकृतिक खेती ही करते थे, किंतु परिस्थितियों के कारण धीरे-धीरे रासायनिक खेती करने लगे। आजकल खेती में रसायनों एवं उर्वरकों का अत्यधिक उपयोग होने से पर्यावरण के साथ-साथ भूमि एवं मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसे कम करने के लिए जैविक एवं प्राकृतिक खेती की आवश्यकता है। हाट बाजार का उद्देश्य जिले के जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले कृषकों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य दिलाना एवं लोगों को विष-रहित उत्पाद सुगमता से उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि इसके लिए प्रति रविवार साप्ताहिक जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार कृषि उपज मंडी प्रांगण, बिस्टान रोड, खरगोन में लगाया जाएगा।
कार्यक्रम में परियोजना संचालक ’आत्मा’ एम.एल. कनास, प्रकाश ठाकुर, सहायक संचालक कृषि डॉ. आरके सिंह, कृषि वैज्ञानिक डॉ. सुनिल त्यागी, कृषि वैज्ञानिक दीपक मालवीय, सहायक संचालक कृषि डॉ. मना सोलंकी, उप परियोजना संचालक ’आत्मा’ रामेश्वर चौहान, सहायक संचालक कृषि सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, व्यापारी संगठन के प्रतिनिधि, कृषि, आत्मा, उद्यानिकी, मंडी के कर्मचारी एवं अन्य कृषक उपस्थित रहे।
