वरिष्ठ कर्मचारी नेता राजकुमार पटेल को दी गई भावभीनी विदाई

भोपाल। मंत्रालय सेवा अधिकारी-कर्मचारी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष एवं प्रवक्ता तथा प्रदेश के वरिष्ठ कर्मचारी नेता राजकुमार पटेल को 30 जून को सेवानिवृत्ति से पूर्व सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। चार दशक की लंबी और उल्लेखनीय शासकीय सेवा पूरी करने पर उन्हें विभिन्न संगठनों और कर्मचारियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने उनके सुखद एवं सफल भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

मध्यप्रदेश के प्रमुख कर्मचारी नेताओं में शामिल राजकुमार पटेल अपनी ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और संघर्षशील कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। उन्हें उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित देवीप्रसाद शर्मा पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। मंत्रालय कर्मचारी संगठन में लगातार 13 चुनाव जीतने वाले पटेल ने मंत्रालय साख सहकारी समिति के अध्यक्ष के रूप में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उनकी सेवानिवृत्ति के उपलक्ष्य में सोमवार को वल्लभ भवन स्थित गणेश मंदिर में अखंड रामायण पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, व्यापारी एवं विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने कर्मचारी हितों और सामाजिक कार्यों में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।

Next Post

बीएचईएल में नि:शुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण शिविर का समापन

Mon Jun 15 , 2026
भोपाल। बीएचईएल एजुकेशनल वेलफेयर विंग द्वारा आयोजित 15 दिवसीय नि:शुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह सोमवार को संपन्न हुआ। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देना तथा उन्हें आधुनिक तकनीकी युग के अनुरूप आवश्यक कंप्यूटर कौशल से सुसज्जित करना था। कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष रोजी […]

You May Like