सीहोर। भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और खराब विद्युत व्यवस्था से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है. बुधवार को नापला खेड़ी विद्युत मंडल कार्यालय पर आधा दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया.
इस दौरान ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली समस्याओं के निराकरण की मांग की. ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से बार-बार बिजली कटौती की जा रही है. कभी घंटों बिजली बंद रहती है तो कभी लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है. इसके अलावा गांवों में लगी विद्युत केबिलें और लाइनें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं, जिससे आए दिन फाल्ट की स्थिति बनती रहती है. किसानों और आम उपभोक्ताओं को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है.
ज्ञापन सौंपने वालों में धर्म सिंह सरपंच, जनपद सदस्य ठाकुर सिंह, वरिष्ठ किसान नेता बलराम मुकाती, ज्ञान सिंह पटेल, दीपक वर्मा, सचिन पटेल, अजय राजपूत, प्रेम पटेल, कमल मेवाड़ा, वीरेन मेवाड़ा, निलेश राय सहित चित्तौडिय़ा, लाखा भटोनी, हेमा दीदा खेड़ी एवं आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा साथी उपस्थित रहे.
