आटो में शिक्षिका के गले से सोने की चेन तोड़ कर गायब हुई 5 महिलाए

रीवा, शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. स्टैच्यू चौराहे से कॉलेज चौराहे की ओर ऑटो से जा रही एक शिक्षिका को पांच शातिर महिला चोरों ने अपना शिकार बना लिया. महिलाओं ने ऑटो में जबरन बैठकर शिक्षिका को घेरा और पलक झपकते ही उनके गले से सोने की चेन गायब कर दी. दिनदहाड़े भरे बाजार हुई इस वारदात से इलाके में हडक़ंप मच गया है.

जानकारी के अनुसार, पीडि़ता वंदना मिश्रा पेशे से शिक्षिका हैं. वह अपने निजी ऑटो में सवार होकर स्टैच्यू चौराहे से कॉलेज चौराहे की तरफ जा रही थीं. इसी दौरान रास्ते में उन्हें पांच महिलाएं मिली, इनमें से दो महिलाएं देखने में गर्भवती लग रही थी. मजबूरी और बीमारी का झांसा देकर ये पांचों महिलाएं जबरन शिक्षिका के ऑटो में बैठ गई. जैसे ही ऑटो कॉलेज चौराहे पर पहुंचा, ये पांचों महिलाएं अचानक वहां उतर गई. शिक्षिका कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही वे सभी दूसरी ऑटो में बैठकर रफूचक्कर हो गई. कुछ दूर आगे जाने के बाद जब शिक्षिका वंदना मिश्रा का ध्यान अपने गले पर गया, तो उनके होश उड़ गए. उनके गले से सोने की महंगी चेन गायब थी. पीडि़त शिक्षिका ने तुरंत मामले की शिकायत सिविल लाइन थाना पुलिस से की. व्यस्त बाजार में दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया है. पुलिस ने अज्ञात महिला चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. हुलिये के आधार पर और चौराहे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर महिलाओं की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Next Post

सिरमौर पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Sat Aug 22 , 2026
रीवा, पुलिस अधीक्षक के निर्देश में सिरमौर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है. थाना प्रभारी सिरमौर प्रशांत शुक्ला और उनकी टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से नशीली ब्राउन शुगर जब्त की गई है. जानकारी के […]

You May Like