नई दिल्ली, 31 जुलाई (वार्ता) इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) ने 11वें इंडिया फूड एक्सपो 2026 का आयोजन 18 से 20 सितंबर तक तक लखनऊ में आयोजित करने की घोषणा की है।
संगठन के अनुसार इस आयोजन का उद्येश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र को मजबूत करना है। इंडिया फूड एक्सपो 2026 को लेकर आईआईए के के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने राजधानी में शुक्रवार को अपने केंद्रीय कार्यालय पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कि यह प्रदर्शनी गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित रेगालिया ग्रीन्स में आयोजित की जाएगाी।
उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय एक्सपो में खरीदार-विक्रेता बैठकें, तकनीकी प्रदर्शन, तकनीकी सेमिनार और विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें खाद्य प्रसंस्करण, पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स, खाद्य सुरक्षा, गुणवत्ता प्रमाणन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित विनिर्माण, ब्रांडिंग, निर्यात और आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन जैसे विषयों पर चर्चा होगी। अंतरराष्ट्रीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडलों के भी इसमें शामिल होने की उम्मीद है, जिससे तकनीकी हस्तांतरण, रणनीतिक साझेदारी और वैश्विक कारोबारी सहयोग के नए अवसर पैदा होंगे।
इस कार्यक्रम को लेकर दिल्ली में एक एक बैठक भी हुई जिसमें 100 से अधिक उद्यमियों और एमएसएमई प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईआईए के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने बताया कि एक्सपो में लगभग 160 प्रदर्शनी स्टॉल होंगे, जहां खाद्य प्रसंस्करण, पैकेजिंग, कोल्ड चेन, स्वचालन, लॉजिस्टिक्स और संबद्ध क्षेत्रों की नवीनतम तकनीकों को प्रदर्शित किया जाएगा। पात्र एमएसएमई प्रदर्शक सरकारी दिशानिर्देशों के अनुसार स्टॉल बुकिंग पर 80 प्रतिशत तक सरकारी सब्सिडी का लाभ उठा सकते हैं। यह सुविधा पहले 60 पात्र प्रदर्शकों के लिए उपलब्ध होगी।
आईआईए के महासचिव दीपक कुमार बजाज ने कहा कि इंडिया फूड एक्सपो खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के लिए उत्तर भारत के प्रमुख कारोबारी मंचों में से एक के रूप में विकसित हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि आईआईए के साथ आज 16,000 से अधिक सदस्य जुड़े हैं, जो देशभर में लगभग एक लाख औद्योगिक इकाइयों से संबद्ध हैं।
आईआईए दिल्ली एवं हरियाणा की राज्य अध्यक्ष डॉ. ममतामयी प्रियदर्शिनी ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में रोजगार सृजन, मूल्य संवर्धन, किसानों की समृद्धि और एमएसएमई विकास की अपार संभावनाएं हैं। आईआईए दिल्ली चैप्टर के सचिव नीरज बजाज ने कहा कि एक्सपो एमएसएमई को कारोबारी नेटवर्किंग, तकनीक अपनाने और बाजार विस्तार के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।
