भरतपुर (वार्ता) उत्तर भारत के प्रमुख आस्था धाम राजस्थान में करौली के कैला देवी मंदिर में सोमवार से शुरू होने जा रहे शारदीय नवरात्रि के लक्खी मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए मंदिर और जिला प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं।
मंदिर ट्रस्ट एवं पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि कालीसिल घाट पर साफ-सफाई एवं गोताखोरों की तैनाती के साथ मेले में एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और दो पुलिस उपाधीक्षकों की निगरानी में 200 पुलिसकर्मी और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के 20 जवान तैनात रहेंगे।
सूत्रों ने बताया कि कई स्थानों पर स्थायी चौकी भी बनाई गई है। मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों के तहत घट स्थापना के साथ सत चंडी पाठ, भैरव स्तोत्र और विशेष पूजन का आयोजन होगा। करीब 18 आचार्य और पंडित मिलकर देवी स्तोत्र का जाप करेंगे।
