कोरबा, 23 फरवरी (वार्ता) छत्तीसगढ़ के कोरबा में रविवार देर रात शहर के अशोक वाटिका स्टेडियम रोड के पास कोयले से लदे एक ट्रेलर में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में ट्रेलर आग का गोला बन गया और पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया। घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोयला लदा ट्रेलर स्टेडियम रोड से गुजर रहा था, तभी केबिन के पास से धुआं उठता दिखाई दिया। चालक स्थिति को समझ पाता, उससे पहले ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लपटें पूरी गाड़ी व उसमें लदे कोयले को अपनी चपेट में लेने लगीं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग काफी विलंब से मौके पर पहुंचा। काफी देर बाद पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। देर से पहुंचे राहत कार्य को लेकर नागरिकों में नाराजगी देखी गई।
बताया जा रहा है कि वाहन टी ट्रांसपोर्ट कंपनी का है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से मामले में विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट जानकारी सामने आने की बात कही गई है।
