जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा का जिले में भव्य स्वागत

मंदसौर। भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकली ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ का बुधवार को मंदसौर जिले में प्रवेश हुआ। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में सीतामऊ क्षेत्र के रुणीजा एवं दलावदा में यात्रा का पुष्पवर्षा, ढोल-ढमाकों एवं आतिशबाजी के साथ स्वागत किया गया। सेवा यात्रियों का मालवी परंपरा से साफा व दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया तथा द्वारकाधीश धाम की तस्वीर भेंट की गई। इस दौरान पौधारोपण भी किया गया।

रुणीजा में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक चंदरसिंह सिसोदिया, विधायक हरदीपसिंह डंग, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे। नेताओं ने यात्रा को सेवा, जनभागीदारी एवं सामाजिक सरोकारों से जोड़ने वाला अभियान बताया।

यात्रा का घसई सहित विभिन्न स्थानों पर भी स्वागत हुआ। इसके बाद यात्रा सुवासरा पहुंची, जहां युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें युवाओं ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विचार रखे। विद्यार्थियों ममता नागदा, कुमकुम देवड़ा एवं विशाल व्यास ने अपने विचार व्यक्त किए।

यात्रा के दो दल जिले के विभिन्न मंडलों से होकर गुजरे। यात्रा क्रमांक-1 सुवासरा, बसई, सीतामऊ ग्रामीण एवं कयामपुर मंडल से होते हुए नाहरगढ़ पहुंची, जहां रात्रि विश्राम हुआ। वहीं यात्रा क्रमांक-8 सीतामऊ, धुंधड़का एवं गुर्जरबर्डिया मंडल से होकर गुजरी और धुंधड़का में रात्रि विश्राम हुआ। भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर यात्रा के स्वागत एवं व्यवस्थाओं में सहभागिता की।

यात्रा के संयोजक एवं प्रभारी भाजपा जिला उपाध्यक्ष हितेश शुक्ला तथा सह-संयोजक सुनील पटेल, अमन फरक्या, जितेंद्र शर्मा, रिंकू राठी एवं अंकित यादव ने व्यवस्थाओं का समन्वय किया। यात्रा अगले चरण में मंदसौर नगर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचेगी।

Next Post

मरीजों के उपचार में पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ कार्य करें

Thu Oct 1 , 2026
सीधी । कलेक्टर विकास मिश्रा ने गुरुवार को जिला चिकित्सालय सीधी का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों, उपचार एवं जांच सुविधाओं सहित रात्रिकालीन सेवाओं और ट्रामा सेंटर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से संवाद कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की […]

You May Like