
सीधी । कलेक्टर विकास मिश्रा ने गुरुवार को जिला चिकित्सालय सीधी का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों, उपचार एवं जांच सुविधाओं सहित रात्रिकालीन सेवाओं और ट्रामा सेंटर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से संवाद कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को उत्कृष्ट, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। चिकित्सक निर्धारित समय पर चिकित्सालय में उपलब्ध रहें और मरीजों के उपचार में पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ कार्य करें।
निजी प्रैक्टिस के संबंध में निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें-
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि चिकित्सकों द्वारा निजी प्रैक्टिस के संबंध में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। चिकित्सालय में पदस्थ चिकित्सकों की उपलब्धता एवं ड्यूटी व्यवस्था प्रभावी रहे, ताकि मरीजों को उपचार के लिए अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े।
जिला चिकित्सालय की आवश्यकताओं की सूची तैयार करें-
कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक संसाधनों, उपकरणों, भवन, मानव संसाधन एवं अन्य जरूरतों की विस्तृत सूची तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकताओं का प्राथमिकता के आधार पर चिन्हांकन कर उनके निराकरण की दिशा में कार्यवाही की जाए।
मातृ एवं शिशु मृत्यु की रोकथाम पर विशेष जोर-
कलेक्टर ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को विशेष प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए कि मातृ एवं शिशु मृत्यु की रोकथाम के लिए पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए। गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं को समय पर आवश्यक जांच, उपचार एवं रेफरल सुविधा उपलब्ध हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए।
रात्रिकालीन सेवाएं और ट्रामा सेंटर रहें व्यवस्थित-
कलेक्टर ने रात्रिकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि रात के समय चिकित्सक एवं आवश्यक स्वास्थ्यकर्मी निर्धारित ड्यूटी के अनुसार उपलब्ध रहें। ट्रामा सेंटर को पूरी तरह व्यवस्थित रखते हुए आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए। आवश्यक उपकरण एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बेहतर प्रयासों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं-
कलेक्टर ने कहा कि जिला चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे अच्छे प्रयासों और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में लोगों को जागरूक किया जाना आवश्यक है, ताकि अधिक से अधिक लोग इन सेवाओं का लाभ उठा सकें। कलेक्टर ने चिकित्सकों से कहा कि जिला चिकित्सालय में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार मिले। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक खरे, सिविल सर्जन डॉ. दीपारानी इसरानी सहित समस्त चिकित्सक उपस्थित रहे।
