
सागर। सागर जिले के बांदरी में अचानक हुई चार गायों व एक बकरी की संदिग्ध परिस्थितियों मे हुई मौत को लेकर हड़कंप मच गया। मौतों को लेकर गुस्साए गौसेवकों ने पुराने नेशनल हाइवे के बंडा तिराहे पर प्रदर्शन व चक्काजाम कर दिया। लगभग दो घंटे तक चले चक्काजाम से सागर और झांसी की ओर जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मवेशियों की अचानक मौत का कारण अभी तक साफ नहीं हो पाया है। पर प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गायों का साजिश कर मौत के घाट उतारा गया है। इससे प्रदर्शनकारी आरोपियों को तत्काल पकड़ने व उन पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग कर रहे थे। इस घटना की सूचना मिलते ही तत्काल बांदरी टीआई सुमेर सिंह जगेत और सीएमओ संजय समुद्रे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन लोग कार्रवाई की जिद पर अड़े रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मामले की जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद अधिकारियों की समझाइश पर आखिरकार जाम खोला गया। टीआई सुमेर सिंह जगेत बताया कि मृत गायों का पोस्टमॉर्टम कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। सीएमओ संजय समुद्रे ने बताया कि आवारा घूमने वाले जानवरों को गौशालाओं में भिजवाया जाएगा ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि आवारा घूमने वाले जानवरों को गौशालाओं में भिजवाया जाएगा ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
